जोहार छत्तीसगढ़िया पार्टी के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने तीन महीने की अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद बुधवार को न्यायालय में सरेंडर कर दिया. उनके कोर्ट पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और परिसर के बाहर भीड़ जुटी रही.

अमित बघेल के खिलाफ अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में रायपुर के तेलीबांधा, कोतवाली और देवेंद्र नगर समेत अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की गई थीं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन मामलों में कुल 14 FIR दर्ज हैं.

हाईकोर्ट ने दी थी सीमित अवधि की राहत

दिसंबर 2025 में गिरफ्तारी के बाद बघेल ने जमानत के लिए बिलासपुर हाईकोर्ट का रुख किया था. कोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी थी, लेकिन तीन अलग-अलग मामलों में तीन महीने की अंतरिम राहत दी थी. यह राहत कुछ शर्तों के साथ थी.

अंतरिम जमानत की अवधि में उन्हें रायपुर जिले की सीमा में निवास नहीं करने का निर्देश दिया गया था. हालांकि, निर्धारित पेशी की तारीखों पर कोर्ट में आने की अनुमति थी. उनके वकील हर्षवर्धन परगनिया ने तीन महीने की अंतरिम जमानत मिलने की बात कही थी. वहीं, आपत्तिकर्ता के वकील सुनील ओटवानी ने इसे तीन महीने का पैरोल बताया था.

प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद बढ़ा विवाद

मामले की पृष्ठभूमि 26 अक्टूबर 2025 को रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से जुड़ी है. जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे. इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प की बात सामने आई थी. बाद में प्रतिमा दोबारा स्थापित कर दी गई थी.

पुलिस ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के आरोपी को गिरफ्तार किया था. उसके परिजनों ने आरोपी के मानसिक रूप से बीमार होने और पहले सेंदरी तथा रांची में इलाज चलने की बात कही थी.

इसके बाद बघेल की कथित टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए. रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग की थी. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया संबंधित अदालतों में जारी रहेगी.