जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी 9 नवंबर को छत्तीसगढ़ लौटने के बाद थाने पहुंचकर अपना पक्ष रखेंगे. पार्टी ने उनके फरार होने की खबरों को भ्रामक बताया है. संगठन के मुताबिक अमित जोगी 2 से 8 नवंबर तक पहले से तय निजी कार्यक्रम के कारण प्रदेश से बाहर हैं और पुलिस जांच में सहयोग करेंगे.

पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर अमित जोगी की ओर से ई-मेल के जरिए भेजा गया जवाब और उनका पक्ष पुलिस के सामने रखा. पार्टी का कहना है कि पूर्व निर्धारित निजी कार्यक्रम को एफआईआर से जोड़कर उनके फरार होने की खबरें फैलाना गलत है. उसने कानून और न्यायिक प्रक्रिया में भरोसा जताया है.

वीडियो को लेकर भाजपा की शिकायत

मामला अमित जोगी के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो से जुड़ा है. भाजपा ने आरोप लगाया कि वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.

पुलिस ने उपलब्ध जानकारी के अनुसार भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 196, 352, 353(2) और 356(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. एफआईआर में अमित जोगी समेत अन्य संबंधित लोगों के नाम शामिल बताए गए हैं. भाजपा विधायक राजेश मूणत ने वीडियो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की थी.