जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी मंगलवार को रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे. वह विवादित सोशल मीडिया वीडियो मामले में पुलिस के दूसरे नोटिस के बाद अपना पक्ष रखने और बयान दर्ज कराने पहुंचे हैं.
पुलिस के अनुसार, अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर ‘ज्ञानू-जानू की शादी’ नाम से एक वीडियो पोस्ट किया था. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलते-जुलते मुखौटे पहने दो किरदार दिखाए गए थे. वीडियो में दोनों किरदारों की प्रतीकात्मक शादी और हनीमून से जुड़े दृश्य भी थे. इसे कथित वोट चोरी के मुद्दे पर राजनीतिक व्यंग्य के तौर पर बनाया गया था.
भाजपा नेताओं की शिकायत पर FIR
वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई. रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल सिविल लाइन थाने पहुंचा और कार्रवाई की मांग की. इसके बाद पुलिस ने अमित जोगी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया.
विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया था. उन्होंने सार्वजनिक रूप से खेद जताते हुए कहा था कि अपनी बात रखने का तरीका उचित नहीं था और इस मुद्दे को दूसरे तरीके से भी उठाया जा सकता था. थाने में दर्ज बयान के बाद मामले की पुलिस जांच आगे बढ़ेगी.
