केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज, 3 नवंबर को छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह राजधानी और नया रायपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. दौरे के दौरान आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल और विकसित भारत संकल्प पार्क, जिसे पीपल वन के नाम से भी बताया गया है, का लोकार्पण किया जाएगा.
दोपहर 3:05 बजे रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम
कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह दोपहर 12:55 बजे दिल्ली स्थित 6ए, कृष्णा मेनन मार्ग से रवाना होंगे. इसके बाद दोपहर 1:15 बजे पालम एयरफोर्स टेक्निकल एरिया पहुंचेंगे और वहां से 1:20 बजे रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे. उनके दोपहर 3:05 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है.
एयरपोर्ट से वह सड़क मार्ग से मंडी रोड, पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल जाएंगे. अस्पताल पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 3:30 बजे है. वह शाम 5 बजे तक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे.
पीपल वन और राज्योत्सव में होंगे शामिल
अस्पताल कार्यक्रम के बाद शाह शाम 5:05 बजे नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन के लिए रवाना होंगे. वहां शाम 5:30 बजे पहुंचने के बाद 5:35 से 5:45 बजे के बीच विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद वह शाम 5:50 बजे राज्योत्सव मैदान के लिए रवाना होंगे.
अमित शाह के शाम 5:55 बजे नया रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचने का कार्यक्रम है. यहां शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे. इसी कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी किए जाने की जानकारी दी गई है.
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह रात 8 बजे सड़क मार्ग से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. रात 8:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचने और 8:20 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम निर्धारित है.
