केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में कहा कि प्रदेश नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास और सुशासन के नए दौर में आगे बढ़ रहा है. यह दावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए किया.
अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के नक्सलवाद से मुक्त होने पर प्रदेशवासियों और विशेष रूप से आदिवासी समाज को बधाई दी जानी चाहिए. उनके अनुसार, राज्य अब विकास और सुशासन के “स्वर्णिम युग” में प्रवेश कर रहा है.
अटल बिहारी वाजपेयी का किया उल्लेख
गृह मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाया था. शाह के मुताबिक, उस समय क्षेत्र का विकास रुका हुआ था और प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य को संवारने का काम किया.
नक्सलवाद के प्रभाव का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि जिन जंगलों में महुआ, तेंदूपत्ता और लोकगीतों की गूंज होनी चाहिए थी, वहां बारूदी सुरंगें बिछाई गईं. उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों के हाथों में किताबों की जगह बंदूकें थमाई गईं, स्कूलों को बम से उड़ाया गया और सड़क निर्माण से जुड़े लोगों पर हमले हुए.
उन्होंने 3 नवंबर को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव, सिद्धि और संकल्प का दिन बताया. शाह ने कहा कि अब प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प है.
