महासमुंद जिले के अमलीपदर के जंगलों में आबकारी विभाग ने अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने के खिलाफ कार्रवाई की. विभाग के मुताबिक, दो प्रकरणों में 468.2 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब और शराब बनाने के लिए तैयार 2,000 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया. जब्त शराब की कीमत 93,640 रुपये और लाहन की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है.
शिशुपाल पर्वत के पास दबिश
जिला आबकारी अधिकारी अजय पांडेय के नेतृत्व में छह सदस्यीय जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे शिशुपाल पर्वत के पास जंगल में दबिश दी. यह इलाका छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगा हुआ है. विभाग के अनुसार, झाड़ियों के पीछे 200 किलो क्षमता वाले ड्रमों में महुआ लाहन सड़ाकर शराब तैयार की जा रही थी.
टीम को देखकर भट्टी चला रहे तीन लोगों में से दो लोग मौके से भाग गए. पीछा करने के बाद मंगलू बरिहा को गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से 450 बल्क लीटर महुआ शराब और 2,000 किलो लाहन बरामद हुआ. मौके पर पूरा लाहन नष्ट कर दिया गया.
एक अन्य कार्रवाई आरण्ड में की गई, जहां धर्मेंद्र साहू के कब्जे से 18.2 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की गई. दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं.
