अरपा नदी के नगाई घाट में अवैध रूप से रेत उत्खनन और चोरी के मामले में अदालत ने कुंवर सिंह कंवर को तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया.
विशेष न्यायाधीश सिराजुद्दीन कुरैशी ने फैसला सुनाते हुए पर्यावरण संरक्षण की जरूरत पर जोर दिया. फैसले में टिप्पणी की गई कि आखिरी पेड़ कटने, नदी के जहरीली होने और आखिरी मछली पकड़े जाने के बाद इंसान को समझ आएगा कि वह पैसे को खा नहीं सकता.
किन प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया गया
मामले में वर्ष 2025 में कोटा थाने में केस दर्ज किया गया था. अदालत ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 और खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धाराओं 4(1), 4(1क) तथा 21 के तहत दोषी पाया.
फैसले में अदालत ने अमेरिका की आदिम जनजाति की एक प्रसिद्ध कहावत का उल्लेख करते हुए प्रकृति को हो रहे नुकसान के गंभीर प्रभावों को रेखांकित किया. अदालत ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की क्षति केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका सीधा असर जीवन और आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है. फैसले में पोप फ्रांसिस की उस टिप्पणी का भी उल्लेख किया गया, जिसमें जैव विविधता का विनाश ईश्वर की रचना की अखंडता पर हमला बताया गया है.
