रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में आठ साल के बच्चे के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने बच्चे को करीब छह घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस के अनुसार, मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है.

पुलिस के मुताबिक, 16 अक्तूबर को बच्चे के पिता ने आरंग थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. बच्चे के पिता इंदिरा चौक स्थित एक मेडिकल स्टोर में काम करते हैं, जबकि उसकी मां नर्स हैं. घटना के दिन सुबह मां बच्चे को मेडिकल स्टोर पर छोड़कर गई थीं. सुबह करीब 9 बजे बच्चा साइकिल चलाने और खेलने की बात कहकर दुकान से बाहर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिजनों ने आसपास तलाश के बाद शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना दी.

गुमशुदगी की जांच के दौरान परिजनों के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया. फोन करने वालों ने बच्चे को छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी. इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और रेंज साइबर सेल की मदद से तकनीकी निगरानी शुरू की गई. पुलिस ने संभावित रास्तों पर नाकेबंदी की और पड़ोसी जिलों को भी सतर्क किया.

पुलिस का कहना है कि घेराबंदी बढ़ने के बाद आरोपी बच्चे को ग्राम समोदा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर भाग गए. बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया.

तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश दी. वहां से हेमंत उर्फ छोटू निषाद, मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू और एक नाबालिग को पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने वारदात में शामिल होने की बात कही है. उनके पास से दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. शुरुआती जांच में आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है.