रायपुर जिले के आरंग स्थित राव हॉस्पिटल के संचालक के खिलाफ फायर सेफ्टी NOC में कथित फर्जीवाड़े के मामले में FIR दर्ज की गई है. आरोप है कि NOC का नवीनीकरण कराने के बजाय कंप्यूटर ग्राफिक्स की मदद से दस्तावेज तैयार किया गया. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है.

नियमित सुरक्षा ऑडिट के दौरान अग्निशमन विभाग और SDRF की संयुक्त टीम अस्पताल पहुंची थी. टीम को अस्पताल प्रबंधन की ओर से फायर NOC की फोटोकॉपी दिखाई गई. दस्तावेज की जांच में प्रमाण पत्र पर दर्ज तारीख और QR कोड स्कैन करने पर सिस्टम में मिली जानकारी अलग-अलग पाई गई.

NOC पर जारी होने की तारीख 16 अप्रैल 2026 दर्ज थी, जबकि QR कोड से 16 अप्रैल 2025 की तारीख सामने आई. प्रमाण पत्र में जांच अधिकारी के तौर पर पुरुषोत्तम सिंह का नाम लिखा था, लेकिन अग्निशमन विभाग में इस नाम का कोई अधिकारी कार्यरत नहीं होने की बात सामने आई. हस्ताक्षर की तारीख और संबंधित पद पर अधिकारी की तैनाती को लेकर भी विसंगति मिली. शासकीय पोर्टल से मिलान के बाद दस्तावेज की प्रामाणिकता पर संदेह बढ़ गया.

न्यू रायपुर फायर ब्रिगेड के निरीक्षक पुष्पराज विनायक की शिकायत पर आरंग थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत FIR दर्ज की है. पुलिस कथित NOC तैयार करने वाले कंप्यूटर सेंटर या ग्राफिक्स डिजाइनर की भूमिका की भी जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार व्यावसायिक और चिकित्सा संस्थानों के लिए हर साल फायर NOC लेना अनिवार्य है.