रायपुर जिले के आरंग स्थित सालासार विहार परियोजना में बिना RERA पंजीयन भूखंडों की बिक्री के मामले में छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (CG-RERA) ने प्रमोटर राजीव सोनी, पिता के.एल. सोनी, पर 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है.
प्राधिकरण के अनुसार, मामले में प्रस्तुत दस्तावेजों और उपलब्ध तथ्यों की जांच में पाया गया कि परियोजना के तहत भूमि का भूखंडों में विभाजन किया गया और RERA पंजीयन प्राप्त किए बिना भूखंड बेचे गए. इसे भू-संपदा (विनियमन और विकास) अधिनियम, 2016 की धारा 3 का उल्लंघन माना गया है.
CG-RERA ने अधिनियम की धारा 59 के तहत परियोजना की अनुमानित लागत के आधार पर प्रमोटर पर 25 लाख रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया. प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि निर्धारित श्रेणी की रियल एस्टेट परियोजनाओं का पंजीयन कराना अनिवार्य है. पंजीयन के बिना ऐसी परियोजनाओं का विज्ञापन, विपणन या विक्रय नियमों के विरुद्ध है.
खरीदारों से पंजीयन जांचने की अपील
प्राधिकरण ने आम नागरिकों और संपत्ति खरीदारों से कहा है कि किसी भी आवासीय या भूखंड परियोजना में निवेश करने से पहले उसकी RERA पंजीयन स्थिति की जांच करें. खरीदारों को परियोजना का पंजीयन क्रमांक, प्रमोटर का विवरण और अन्य जरूरी जानकारियों का सत्यापन करने की सलाह दी गई है.
CG-RERA के मुताबिक, यह जांच संभावित विवादों और आर्थिक नुकसान से बचने में मदद कर सकती है. परियोजनाओं के पंजीयन से जुड़ी जानकारी प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट rera.cgstate.gov.in पर देखी जा सकती है.
