रायपुर से लगे आरंग इलाके में महानदी किनारे एक शासकीय शिक्षक का शव मिलने से पुलिस ने हत्या की आशंका पर जांच शुरू की है. मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई है. वे डंगनिया (चंपारण) के रहने वाले थे और कुम्हारी स्थित शासकीय विद्यालय में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे.

पुलिस के अनुसार, बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बनचरौदा के पास महानदी तट पर उनका शव मिला. शव खून से लथपथ हालत में था और सिर पर चोट के निशान पाए गए. शुरुआती जांच में किसी भारी वस्तु से वार किए जाने की आशंका जताई गई है. घटनास्थल पर खून के निशान भी मिले हैं.

मौके पर पहुंची पुलिस टीम को शव के पास शिवकुमार की बाइक भी मिली. इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ाई. हालांकि, वारदात की वजह और कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियार का अभी पता नहीं चला है.

आरंग थाना पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और रायपुर से डॉग स्क्वाड तथा फॉरेंसिक टीम को बुलाया.

परिजनों को सूचना देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.