बिलासपुर में अरपा नदी के प्रदूषण और सीवरेज प्रबंधन के मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने नगर निगम और शासन से विस्तृत कार्ययोजना मांगी है. चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र और जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने यह स्पष्ट करने को कहा है कि चार मौजूदा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से शहर के 70 नालों का पानी प्रभावी ढंग से साफ हो रहा है या नहीं.

सुनवाई के दौरान शासन की ओर से चीफ सेक्रेटरी विकासशील का शपथपत्र पेश किया गया. इसमें बताया गया कि फिलहाल सभी STP के पूरा होने की प्रक्रिया चल रही है. इनके पूरी तरह तैयार होने के बाद वास्तविक सीवरेज प्रवाह और उपचार क्षमता की समीक्षा की जाएगी. इसी आधार पर अतिरिक्त STP की जरूरत पर निर्णय लिया जाएगा.

शासन के अनुसार, बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र की आबादी करीब 6 लाख 68 हजार 540 है और यहां रोज लगभग 72.20 एमएलडी सीवरेज उत्पन्न होता है. यह पानी सीवरेज नेटवर्क और करीब 70 नालों के जरिए चैनलाइज किया जाता है. वर्तमान में चार STP की कुल क्षमता 78 एमएलडी है, लेकिन इनका वास्तविक उपयोग करीब 43.90 एमएलडी बताया गया है.

इसके अलावा 16-16 एमएलडी क्षमता वाले दो STP निर्माणाधीन हैं. इनमें से एक ट्रायल रन के चरण में है, जबकि दूसरे के 31 दिसंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है. दोनों के शुरू होने पर कुल उपचार क्षमता 94 एमएलडी हो जाएगी.

अदालत ने अतिरिक्त मुख्य सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को नया शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है. इसमें बताना होगा कि सभी 70 नाले छह STP से जुड़े हैं या नहीं और हर नाले के सीवरेज को इंटरसेप्ट, डायवर्ट और ट्रीट किया जा रहा है या नहीं. मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर 2026 को होगी.