रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लाखों दीप जलाए जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सवालों पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखी प्रतिक्रिया दी. साव ने कहा कि जिन्हें जहां हिसाब मांगना है, वहां मांगना चाहिए. उनके मुताबिक, ये दीप प्रधानमंत्री को 140 करोड़ लोगों के आशीर्वाद के तौर पर जलाए जा रहे हैं.
अरुण साव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नरेंद्र मोदी 25 वर्षों से लगातार जनसेवा कर रहे हैं और एक भी दिन छुट्टी लिए बिना देश की सेवा में जुटे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का प्यार और समर्थन देखकर कांग्रेस का दिल जल रहा है. साव ने कांग्रेस पर एक परिवार की सेवा करने वाली पार्टी होने का आरोप भी लगाया.
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कांग्रेस की ओर से महंगाई और बेरोजगारी दिवस मनाए जाने पर भी साव ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है, जबकि उनके अनुसार भारत में मोदी सरकार के आर्थिक प्रबंधन के कारण दूसरे देशों की तुलना में महंगाई की स्थिति बेहतर है. पाकिस्तान को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और भूपेश बघेल तथा कांग्रेस नेताओं को वहां जाकर महंगाई की स्थिति देखने की बात कही.
CGPSC परीक्षा और अवैध निर्माण पर भी बयान
CGPSC 2025 परीक्षा के दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार स्थगित किए जाने के सवाल पर साव ने कांग्रेस पर पलटवार किया. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान PSC भर्ती में षड्यंत्र और घोटाला हुआ था. साव ने कहा कि उनकी सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती के लिए प्रतिबद्ध है.
रायपुर के रावतपुरा फेस-2 में बिना लेआउट बने करीब 40 मकानों पर हुई निगम कार्रवाई पर नगरीय प्रशासन मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को निर्माण के शुरुआती चरण में ही अवैध काम रोकना चाहिए. उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण की जानकारी मिलने पर जांच और कार्रवाई की जाती है.
