केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द हो गया है. उन्हें सोमवार, 12 अक्टूबर को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था.
रेलवे प्रशासन करीब एक महीने से समारोह और रेल मंत्री के दौरे की तैयारियों में जुटा था. इससे पहले उनका रायपुर दौरा 9 अक्टूबर को प्रस्तावित था, जिसे बाद में बदलकर 12 अक्टूबर किया गया था.
रायपुर में प्रस्तावित समारोह में रेलवे सुरक्षा, यात्रियों की संरक्षा और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर RPF की भूमिका प्रदर्शित की जानी है. कार्यक्रम में RPF की महानिदेशक सोनाली मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और RPF के महानिरीक्षक मुनव्वर खुर्शीद समेत रेलवे, प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है.
परेड और पदक वितरण प्रस्तावित
समारोह में सेरेमोनियल परेड प्रमुख आकर्षण होगी. इसमें महिला टुकड़ी, कोरस कमांडो टुकड़ी, डॉग स्क्वॉड और सेगवे टुकड़ी शामिल होंगी. इनके जरिए RPF के प्रशिक्षण, अनुशासन और सुरक्षा तैयारियों का प्रदर्शन किया जाएगा.
उत्कृष्ट सेवा के लिए अधिकारियों और जवानों को सम्मानित करने की योजना है. इसमें विशिष्ट सेवा के लिए तीन राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा के लिए 30 पुलिस पदक और वर्ष 2024 में रेल यात्री की जान बचाने के लिए जीवन रक्षा पदक शामिल हैं.
प्रस्तावित तकनीकी प्रदर्शनी में ड्रोन पेट्रोलिंग, ह्यूमनॉइड रोबोट, अर्जुन तथा अपराध पहचान से जुड़े डिजिटल टूल्स CCTNS और NAFIS दिखाए जाने हैं.
