दंतेवाड़ा जिले के बचेली स्थित CISF कैंप में सर्विस राइफल की सफाई के दौरान अचानक दो राउंड फायर हो गए. गोली लगने से CISF के प्रधान आरक्षक दत्तात्राया (50) गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल, बचेली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के अनुसार, घटना बचेली थाना क्षेत्र के 10-11 ए कैंप के पोटाकेबिन क्रमांक-3 में हुई. प्रधान आरक्षक दत्तात्राया अपनी AK-47 राइफल, जिसका बट नंबर 405 बताया गया है, की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान राइफल से दो राउंड फायर होने की जानकारी सामने आई.

पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट का इंतजार

घटना के बाद शव को अपोलो अस्पताल और NMDC बचेली की मर्च्यूरी में रखा गया. आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, दंतेवाड़ा भेजा गया है. पुलिस के मुताबिक, जवान महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के रहने वाले थे और उनके परिजन बचेली पहुंच चुके हैं.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, घटना का वास्तविक कारण FSL की घटनास्थल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अधिक स्पष्ट होगा. फिलहाल जांच जारी है.