बिरकोनी क्षेत्र के ग्राम बड़गांव और नयापारा में गुरुवार को पारंपरिक भोजली पर्व आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया. पोला पर्व के अवसर पर शाम 4 बजे गाजे-बाजे के साथ भोजली विसर्जन की शोभायात्रा निकाली गई. इस दौरान गांव में भोजली गीतों और जसगीत की गूंज सुनाई देती रही.

महिलाओं और बालिकाओं ने सुबह से भोजली माता की विदाई की तैयारियां कीं. सात दिनों तक चले पर्व में बालिकाओं ने उपवास रखकर भोजली की पूजा और श्रृंगार किया. धान और गेहूं के अंकुरित पौधों से तैयार भोजली को सिर पर रखकर बालिकाएं पारंपरिक परिधानों में शोभायात्रा में शामिल हुईं.

बड़गांव में यात्रा घरों से, जबकि नयापारा में मां चंडी मंदिर से शुरू हुई. शोभायात्रा मुख्य मार्ग, बाजार चौक और भाठापारा से गुजरी. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने इसका स्वागत किया और भोजली माता की पूजा कर नारियल चढ़ाया. ग्रामीणों ने घरों के आंगन में पूजा-गीत गाकर विदाई दी.

विसर्जन के दौरान लोगों ने एक-दूसरे के कान में भोजली खोंचकर शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व ‘मितान’ यानी दोस्ती का रिश्ता निभाने का संकल्प लिया. चौक-चौराहों पर कुल देवी-देवताओं की पूजा कर हल्दी का पानी छिड़का गया.

ग्रामीणों ने भोजली को नई फसल की कामना और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक बताया. अंत में भोजली का महानदी में विधि-विधान से विसर्जन किया गया. कार्यक्रम में महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे.