कोरिया जिले के बैकुंठपुर में CSMCL में ऑपरेटर पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवक से ₹8.54 लाख लेने का मामला सामने आया है. नौकरी नहीं लगने के बाद शिकायत पर कोतवाली बैकुंठपुर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ ठगी और संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है.
शिकायत के अनुसार, भट्ठीपारा निवासी अजय तिवारी (28) फरवरी 2025 में ऑल सर्विसेस ग्लोबल कंपनी में काम करता था. काम के सिलसिले में रायपुर आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात वीरगांव निवासी दिलीप यादव से हुई थी.
अजय का आरोप है कि अप्रैल 2025 में दिलीप यादव ने उसे बैकुंठपुर के गंगा श्री होटल में बुलाया. वहां उसने छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) में ऑपरेटर पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और इसके लिए ₹8 लाख की जरूरत बताई.
अजय के अनुसार, वह पूरी रकम एक साथ नहीं दे सकता था. इसके बाद दिलीप ने उसे प्रहलाद तांडी के स्टेट बैंक खाते की जानकारी दी. अजय ने दिलीप के बताए खाते और उसके PhonePe नंबर पर अलग-अलग किस्तों में कुल ₹8.54 लाख ट्रांसफर किए.
शिकायत में कहा गया है कि करीब एक साल बाद भी नौकरी नहीं लगी. रकम वापस मांगने पर दिलीप ने फोन उठाना बंद कर दिया. अजय ने पुलिस को लेनदेन से जुड़ी जानकारी भी सौंपी. पुलिस ने दिलीप यादव और प्रहलाद तांडी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की जांच जारी है.
