छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित बालको प्लांट में कॉपर केबल चोरी करने की कोशिश कर रहे दो युवकों को सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया. पुलिस के अनुसार, दोनों ने करीब 49.280 किलोग्राम कॉपर वायर को कमर से छाती तक शरीर पर लपेट रखा था और उसके ऊपर कपड़े पहन लिए थे.
घटना रात 10 बजे से सुबह 5 बजे के बीच की बताई गई है. पुलिस के मुताबिक, प्लांट के CH-04 के सामने खुले में रखे केबल ड्रम से AIFL कंपनी की कॉपर केबल काटी गई थी. आरोपियों ने पहले केबल का प्लास्टिक कवर हटाया और फिर तांबे के तार को शरीर पर बांधकर गेट से बाहर निकलने की योजना बनाई.
प्लांट के प्रोजेक्ट गेट पर सुरक्षा कर्मी संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ को दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. तलाशी लेने पर उनके शरीर से कॉपर वायर बरामद हुआ. सूचना मिलने के बाद बालकोनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पथरीपारा निवासी भीम मल्लाह (23) और भटगांव उपरपारा निवासी नरेश कुमार कंवर (21) के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि बरामद तार की कीमत करीब 49,280 रुपये है. घटनास्थल से कटी हुई केबल, प्लास्टिक कवर के अवशेष, कटर, हेक्सा ब्लेड और रस्सी भी जब्त की गई है.
शिकायतकर्ता मनीष विश्वास की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) और साजिश से जुड़ी धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस गेट पास के इस्तेमाल और प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है.
