छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है.

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना 14 अक्टूबर की शाम की है. कक्षा आठवीं में पढ़ने वाली बच्ची पेन खरीदने के लिए घर से निकली थी. रात करीब 8 बजे तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. रात करीब 11 बजे परिवार को जानकारी मिली कि बच्ची को गांव के कुछ लोग एक रिश्तेदार के घर ले गए हैं, जहां वह बेहोशी की हालत में मिली.

परिजन उसे गुंडरदेही अस्पताल ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद अगले दिन उसे घर लाया गया. परिवार के मुताबिक, इसके बाद बच्ची डरी-सहमी और चुप रहने लगी. 26 अक्टूबर को पूछताछ के दौरान उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दो युवक उसे डराकर एक घर में ले गए और वहां तीसरे युवक को बुलाया.

पीड़िता की मां 27 अक्टूबर को परिजनों और गांव के प्रतिनिधियों के साथ रनचिरई थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दी. इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 65(1), 70(2), 137(2), 127(2) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं 4(2) व 6 के तहत मामला दर्ज किया.

एसडीओपी विनय साहू के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है और वही मुख्य आरोपी बताया जा रहा है. तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने की बात कही गई है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.