छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने के आरोप में दो सगे भाइयों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से कुल 139 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 69 लाख 27 हजार 550 रुपए है. गांजा 134 पैकेट में रखा गया था.
पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को ग्राम अरकार के भीषम सतनामी के घर गांजा होने की सूचना मिली थी. सनौद पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने तलाशी में उसके पास से 1.995 किलो गांजा बरामद किया. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि यह गांजा उसने गांव के ही कामता प्रसाद कोसरे से खरीदा था.
इसके बाद पुलिस ने कामता प्रसाद से पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, उसके मोबाइल में खप्परवाड़ा निवासी ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल के नंबर मिले. पुलिस ने कामता से फोन करवाकर दोनों भाइयों को गांजा लेकर मिलने बुलाया. बाइक से पहुंचे ओमप्रकाश और कुलेश्वर को हिरासत में लेने के बाद उनके घर की तलाशी ली गई.
पेटियों और दीवान में छिपाकर रखा था गांजा
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के अनुसार, दोनों भाइयों के घर से लोहे की पेटियों और दीवान के अंदर छिपाकर रखे 134 पैकेट मिले. इनका वजन 136.56 किलो बताया गया है. पुलिस का कहना है कि दोनों भाई ओडिशा के बालीगुड़ा इलाके से पिकअप के जरिए गांजा लाकर बालोद जिले में सप्लाई करते थे और करीब एक साल से इस गतिविधि में शामिल थे.
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 2023 में खेती छोड़कर महिंद्रा पिकअप खरीदी थी. किस्त चुकाने में परेशानी के बाद वे फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाने लगे और इसी दौरान गांजा लाकर बेचने लगे. वे एक बार में 10 से 20 किलो गांजा लाते थे.
कार्रवाई में पिकअप, बाइक, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपए नकद जब्त किए गए. कामता प्रसाद के पास से गांजा बिक्री के 3 हजार रुपए और एक मोबाइल भी मिला. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है.
