छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के कोरगुड़ा गांव में पंचायत भवन में कथित रूप से बिना अनुमति लगाए गए मेडिकल कैंप के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि कैंप में 100 रुपये पंजीयन लेकर ग्रामीणों की कई तरह की स्वास्थ्य जांच की गई और बाद में दवाइयों व हेल्थ प्रोडक्ट के नाम पर उनसे 300 रुपये से लेकर 4,000 रुपये तक लिए गए.

कैंप के प्रचार पोस्टर में कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया की तस्वीर भी लगाई गई थी. पोस्टर में 8,000 रुपये से अधिक खर्च होने वाला इलाज 100 रुपये में करने और ‘100 बीमारी का 1 इलाज’ जैसे दावे किए गए थे. विधायक ने कहा है कि कुछ दिन पहले कांग्रेस भवन में मशीन से बॉडी चेकअप कराने की बात सामने आई थी और उन्होंने उस समय कैंप की अनुमति के बारे में जानकारी ली थी.

1 अक्टूबर को पंचायत भवन में लगाया गया शिविर

जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर को गांव में मुनादी कर मेडिकल कैंप की जानकारी दी गई थी. इसके बाद 1 अक्टूबर को पंचायत भवन में शिविर लगाया गया. ग्रामीणों के अनुसार वहां ब्लड प्रेशर, शुगर, थायराइड, लिवर और हार्ट से जुड़ी बीमारियों की जांच की गई. प्रचार के दौरान हैदराबाद से डॉक्टरों के आने और फिंगरप्रिंट के जरिए जांच किए जाने की बात कही गई थी.

ग्रामीणों का दावा है कि जांच के बाद उन्हें अलग-अलग बीमारियां बताकर दवाइयां और स्वास्थ्य उत्पाद दिए गए. इनमें यौन क्षमता बढ़ाने का दावा करने वाले उत्पाद भी शामिल थे. कोरगुड़ा की हिना देवांगन ने बताया कि चक्कर, सिर घूमने और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंचने पर उन्हें सिर की दवा, मालिश का तेल और पेट साफ करने का उत्पाद दिया गया. उनके अनुसार, इसके लिए उनसे 2,400 रुपये लिए गए और उत्पादों को दवा बताया गया.

पंचायत और स्वास्थ्य विभाग से अनुमति नहीं लेने का आरोप

ग्राम पंचायत के उपसरपंच विजय कुमार यादव के अनुसार, शिविर के लिए पंचायत में न तो आवेदन दिया गया था और न ही अनुमति ली गई थी. उनका आरोप है कि आयोजकों ने पंचायत भवन खोलकर वहां कैंप लगाया और भवन की बिजली का इस्तेमाल किया.

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएल उइके ने कहा कि मेडिकल कैंप लगाने से पहले अनुमति लेना जरूरी है और संबंधित लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से अनुमति नहीं ली थी. विभाग यह भी जांच कर रहा है कि शिविर में बांटे या बेचे गए उत्पाद किस श्रेणी के थे और मरीजों की जांच करने वालों के पास जरूरी योग्यता व अनुमति थी या नहीं.

चार लोगों की गिरफ्तारी, 7.18 लाख रुपये की सामग्री जब्त

शिकायत के बाद पुलिस ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई निवासी राजेश कुमार कोठारी, भिलाई निवासी टी. वेंकटेश राव, कवर्धा निवासी सुरेन्द्र पटेल और दुर्ग निवासी मोहित कुमार रक्सेल को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

बालोद SDOP विनय कुमार साहू ने बताया कि वाहन, दवाइयों, हेल्थ प्रोडक्ट और अन्य सामग्री समेत कुल 7,18,597 रुपये का सामान जब्त किया गया है. अब संस्था की वैधता, जब्त उत्पादों की पैकेजिंग और लेबल, बिल-रसीद, भुगतान रिकॉर्ड तथा कैंप से जुड़े अनुमति दस्तावेजों की जांच की जा रही है. संस्था प्रमुख के. रत्नम से भी दस्तावेज मांगे गए हैं.