छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में खरखरा जलाशय के किनारे स्थित बैना रिसॉर्ट में वन विभाग ने बुधवार शाम अचानक दबिश दी. विभाग को रिसॉर्ट परिसर में लकड़ी की वर्कशॉप संचालित किए जाने की सूचना मिली थी.

वन विभाग के अनुसार, जांच के दौरान परिसर से बीजा समेत अन्य प्रतिबंधित और मिश्रित प्रजातियों की चिरान लकड़ी मिली. मौके पर चौखट, दरवाजे, बेड, पल्ले और निर्माणाधीन फर्नीचर भी पाया गया. विभाग ने लकड़ी और फर्नीचर की कीमत लाखों रुपये होने की बात कही है.

जांच के समय मौजूद रिसॉर्ट संचालक लकड़ी की खरीद-फरोख्त, भंडारण और परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज या ट्रांजिट पास प्रस्तुत नहीं कर सका. हालांकि, सूर्यास्त होने के कारण टीम परिसर में मौजूद लकड़ी और फर्नीचर की पूरी गणना व नापजोख नहीं कर पाई. जब्ती स्थल की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने एक कर्मचारी को मौके पर तैनात किया है.

आगे संयुक्त जांच की तैयारी

वन विभाग के मुताबिक, वनमंडल स्तरीय उड़नदस्ता टीम की मौजूदगी में परिसर में रखी लकड़ी, चिरान और तैयार फर्नीचर की विस्तृत गणना की जा रही है. पुलिस और राजस्व विभाग के साथ संयुक्त जांच की भी तैयारी है.

जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि लकड़ी रिसॉर्ट तक किस रास्ते से पहुंची, इसे किससे खरीदा गया और इसमें किन लोगों की भूमिका रही. जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी.