बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक के कुरदी गांव की 19 वर्षीय भानेश्वरी निषाद ने जम्मू-कश्मीर में आयोजित 15वीं नेशनल वोवीनाम मार्शल आर्ट चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीता है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने उत्तराखंड समेत दो राज्यों के खिलाड़ियों को हराकर यह उपलब्धि हासिल की.

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से कुल 23 खिलाड़ी शामिल हुए थे. इनमें दो खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल मिला. भानेश्वरी की जीत के बाद गांव में खुशी का माहौल है. गांव लौटने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया.

रोज 20 किलोमीटर दूर जाकर अभ्यास

भानेश्वरी ने प्रतियोगिता से पहले करीब एक महीने तक तैयारी की. वह कुरदी गांव से लगभग 20 किलोमीटर दूर बालोद में किराए के मकान में रहकर रोज करीब तीन घंटे अभ्यास करती थीं. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उनके माता-पिता, भाई और बहन ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए उनका सहयोग किया.

चैंपियनशिप की फीस के लिए परिवार ने 5,780 रुपये जुटाए. ट्रेन से आने-जाने के खर्च के लिए करीब 3,000 रुपये की व्यवस्था भी परिवार ने मिलकर की. उनके पिता जानिकराम निषाद पिछले 20 साल से बकरी चराने का काम करते हैं, जबकि मां नेमिन बाई रोजी-मजदूरी करती हैं. भाई लकेश्वर निषाद और बहन देहति निजी काम करते हैं.

भानेश्वरी शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त पीजी कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा हैं. उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद परिवार के सहयोग से वह जम्मू-कश्मीर पहुंच सकीं और कड़े मुकाबलों के बाद स्वर्ण पदक हासिल किया.

वोवीनाम वियतनाम की मार्शल आर्ट है. इसमें पंच, किक, पकड़, फेंकने और आत्मरक्षा जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होता है. इसकी प्रतियोगिताएं मुख्य रूप से फाइट और तकनीकी प्रदर्शन की श्रेणियों में आयोजित की जाती हैं.