छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार को बालोद-धमतरी मुख्य मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस पलट गई. हादसा बालोद थाना क्षेत्र के करहीभदर मोड़ के पास, पेट्रोल पंप के आगे नाले के नजदीक हुआ. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटना में बस के परिचालक की मौत हो गई और 25 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं.

बताया गया है कि डीआरडी कंपनी की बस क्रमांक CG 04 JC 1253 बालोद से यात्रियों को लेकर धमतरी जा रही थी. करहीभदर मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. बस में 35 से अधिक यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है.

बस पलटने के बाद कुछ यात्री वाहन के भीतर फंस गए थे. आसपास मौजूद लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और यात्रियों को बाहर निकाला. बस के नीचे दबे परिचालक को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे. घायलों को बालोद जिला अस्पताल और गुरुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल भेजे जाने की तैयारी की जा रही है.

हादसे की वजह की जांच जारी

प्रारंभिक तौर पर चालक की लापरवाही की बात सामने आने का दावा किया गया है, लेकिन पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी. बस की गति, उसके अनियंत्रित होने का कारण और वाहन की फिटनेस से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा सकती है.

बस में यात्रियों की संख्या और वाहन की क्षमता को लेकर भी सवाल उठे हैं. हालांकि, क्षमता से अधिक सवारी या बस के अनफिट होने की बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. बालोद पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है.