छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार सुबह कर्मचारियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. करहीभदर के पास हुए इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी है. दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई.

मिली जानकारी के अनुसार, बस बालोद से धमतरी जा रही थी. इसमें धमतरी की डीआरडी कंपनी के कर्मचारी सवार थे. रास्ते में करहीभदर के पास बस नियंत्रण से बाहर होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

बस में फंसे मृतक के शव को बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा. घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है, लेकिन दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. मृतक की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने का काम भी जारी है.