छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पुरुर थाना क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में सत्र न्यायालय ने आरोपी बेटे यशपाल सोरी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. मामला पुरुर थाने के अपराध क्रमांक 94/2025 से संबंधित है.

पुलिस के अनुसार, यशपाल सोरी का अपने पिता लचमु सोरी से घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान उसने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और चप्पल से पिता पर हमला किया. गंभीर रूप से घायल लचमु सोरी की बाद में मृत्यु हो गई.

इन धाराओं में दर्ज हुआ था मामला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 294, 351(3), 117(2), 115(2) और 103 के तहत मामला दर्ज किया गया था.

जांच तत्कालीन पुरुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कंवर ने की थी. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक और अन्य साक्ष्य जुटाए गए. इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर मामला न्यायालय में पेश किया गया.

अभियोजन की पैरवी और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर सत्र न्यायालय ने यशपाल सोरी को दोषसिद्ध करते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई.