बालोद शहर के गंजपारा इलाके में सागर अस्पताल के पास संचालित एक गेमिंग सेंटर पर संयुक्त कार्रवाई कर पुलिस ने 7.98 ग्राम हेरोइन जब्त की है. एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), बालोद पुलिस और साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, जब्त हेरोइन की कीमत करीब 1.59 लाख रुपये है. चार मोबाइल भी बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 2.90 लाख रुपये बताई गई है.

पुलिस ने नावेद खान उर्फ चोको, गौतम बजाज, समर प्रताप सिंह और शुभम सिंह उर्फ लाड़ी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) के तहत मामला दर्ज किया है. चारों को शुक्रवार को रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी है.

गेमिंग सेंटर में ग्राहकों से संपर्क का आरोप

पुलिस के अनुसार, नावेद खान गेमिंग सेंटर चलाता था. आरोप है कि वह पूल टेबल खेलने के लिए आने वाले युवाओं से संपर्क बढ़ाकर नशीले पदार्थ के ग्राहक तलाशता था. जांच में पुलिस ने नावेद को मुख्य आरोपी बताया है. गौतम बजाज पर उसके साथ हेरोइन बेचने और सेवन में शामिल होने का आरोप है. समर प्रताप सिंह पर हेरोइन खरीदने और रखने, जबकि कांकेर जिले के कन्हारगांव निवासी शुभम सिंह पर बालोद आकर हेरोइन खरीदने और सेवन करने का आरोप है.

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आखिरी खेप धमतरी से आने की जानकारी मिली है. मुख्य सप्लायर की पहचान अभी नहीं हुई है. पुलिस को नेटवर्क के पंजाब से जुड़े होने की आशंका भी है, जिसकी पुष्टि के लिए सप्लाई चेन की जांच की जा रही है.

आरोपियों के मोबाइल से करीब 25 लोगों के संपर्क मिलने की बात सामने आई है. पुलिस कॉल डिटेल, संभावित चैट, डिजिटल भुगतान और मोबाइल एप में दर्ज लेन-देन की जांच कर रही है. फिलहाल बालोद शहर के युवाओं तक सप्लाई की जानकारी मिली है; आसपास के इलाकों में नेटवर्क की मौजूदगी भी खंगाली जा रही है.