छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में मंगलवार रात गणेश विसर्जन झांकियां देखने उमड़ी भीड़ के बीच कई जगह भगदड़ जैसे हालात बन गए. जयस्तंभ चौक से घड़ी चौक और सदर मार्ग से मधु चौक तक देर रात भारी भीड़ रही. भीड़ बढ़ने पर पुलिस को शहर के बाहर ही वाहनों को रोकना पड़ा. नया बस स्टैंड, पटेल मैदान, नगर पालिका परिसर और पेट्रोल पंपों के आसपास बड़ी संख्या में बाइक और चारपहिया वाहन खड़े रहे.
जयस्तंभ चौक, मधु चौक और बस स्टैंड के आसपास कई डीजे वाहन एक साथ पहुंच गए. तेज आवाज में बज रहे डीजे के बीच हजारों युवा नाचते रहे और स्थिति प्रतियोगिता जैसी बन गई. पुलिस लगातार डीजे वाहनों को आगे बढ़ाती रही. रात 12 बजे के बाद जिले के कई थानों के प्रभारी भी अतिरिक्त बल के साथ शहर में तैनात रहे.
रात में 9 डीजे वाहन जब्त
एएसपी चंद्रकांत गवर्ना भी मौके पर पहुंचे. रात 3 से सुबह 4 बजे के बीच पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने वाले 9 साउंड सिस्टम जब्त कर थाने पहुंचाए. पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण संबंधी सुप्रीम कोर्ट के नियमों का हवाला देते हुए अहीर डीजे, एवीएस साउंड राजनांदगांव, मां वैष्णव कृपा धुमाल धमतरी, डीजे एनजीएस डौंडीलोहारा समेत दुर्ग, भिलाई और धमतरी से जुड़े अन्य डीजे वाहनों पर कार्रवाई की.
कार्रवाई के बाद कुछ गणेश समितियों के सदस्य थाने में बैठे रहे, लेकिन पुलिस ने जब्त वाहन नहीं छोड़े.
तलाशी अभियान में कड़ा-चूड़ा बरामद
पुलिस के अनुसार, साइबर टीम और विशेष पुलिस टीम ने भीड़ में संदिग्ध युवाओं की तलाशी ली. इस दौरान 10 किलो से ज्यादा कड़ा-चूड़ा जब्त किया गया. पार्किंग और शहर के अंधेरे स्थानों पर भी दबिश दी गई तथा हंगामा करने वाले कुछ लोगों को थाने लाकर बैठाया गया.
रात करीब 10 बजे घड़ी चौक से दल्ली चौक के बीच स्ट्रीट लाइट बंद हो गई थी. इसके बाद सड़क पर डीजे वाहनों की रंगीन लाइटों से आसपास का इलाका रोशन रहा, जबकि पुलिस देर रात तक व्यवस्था संभालती रही.
