बालोद जिले में पिछले 48 घंटे से हो रही तेज बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. सिकोसा के पास नाला उफान पर आने से बालोद-दुर्ग-रायपुर स्टेट हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है.

प्रशासन ने मौके पर बैरिकेडिंग की है, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार कुछ लोग जोखिम उठाकर उफनते नाले को पार करते नजर आए. ऐसे में दुर्घटना की आशंका को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की जरूरत बताई जा रही है.

प्रभावित इलाकों का विधायक ने लिया जायजा

गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद प्रशासनिक अमले के साथ प्रभावित इलाकों के दौरे पर पहुंचे. विधायक ने कहा कि जलभराव के कारण कई घरों में रखा अनाज और सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन भीगकर खराब हो गया है. उनके अनुसार, बाढ़ की स्थिति से सैकड़ों परिवारों के सामने बेघर होने का संकट पैदा हुआ है.

विधायक ने बताया कि प्रशासन के साथ स्थिति की समीक्षा की जा रही है और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी के लिए वे फील्ड में मौजूद हैं. उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र के छोटे-बड़े सभी उफनते नालों पर तत्काल मजबूत बैरिकेडिंग कराने की मांग की, ताकि किसी तरह की जनहानि को रोका जा सके.