छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में पुलिस ने नशे के कारोबार और अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद हुई. टाटा हेक्सा कार समेत जब्त सामान की कुल कीमत 11.83 लाख रुपए बताई गई है.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 21 स्थित रेलवे कॉलोनी निवासी लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू (25) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, वह बालोद के नया बस स्टैंड पर अपनी कार में बैठकर स्थानीय लोगों से फोन पर बातचीत कर रहा था. सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा.

डैशबोर्ड में छिपाकर रखा था नशीला पदार्थ

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के अनुसार, बुधवार आधी रात को कार की तलाशी ली गई. इस दौरान डैशबोर्ड के अंदर पारदर्शी झिल्ली में हेरोइन और देशी पिस्टल रखी मिली. जांच और तौल के बाद हेरोइन का वजन करीब 6.40 ग्राम पाया गया. इसकी कीमत लगभग 1.28 लाख रुपए आंकी गई है. आरोपी पिस्टल से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है. गुरुवार शाम उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

पुलिस के अनुसार, आरोपी के बालोद में पिछले दो दिनों से सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी. एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने शहर के छह संदिग्धों को भी चिह्नित किया है. पुलिस का कहना है कि इन लोगों का राजस्थान आना-जाना रहा है और पिछले एक साल से बालोद में चिट्टा सप्लाई की सूचनाएं मिल रही थीं.

पुलिस जब्त नशीले पदार्थ और हथियार के स्रोत के साथ संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, पिस्टल उत्तर प्रदेश से मंगाई गई थी और इसमें 7.65 एमएम की गोली इस्तेमाल होती है. इस मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.