छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, दोनों ठिकानों से कुल 71,440 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए हैं. वैध लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

पहली कार्रवाई बालोद के मरारपारा स्थित वार्ड नंबर 9 में की गई. यहां पार्वती देवांगन के मकान से 852 पैकेट पटाखे बरामद किए गए. इनकी कीमत 46,440 रुपये बताई गई है.

दूसरी कार्रवाई सदर रोड के वार्ड नंबर 8 में स्थित साकिर मनिहारी की दुकान और मकान में हुई. पुलिस ने मो. साकिब के कब्जे से छह कार्टन पटाखे जब्त किए, जिनकी कीमत 25,000 रुपये आंकी गई है.

पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में दोनों स्थानों पर दबिश दी गई. कार्रवाई आगामी त्योहारों के दौरान अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए की जा रही है. दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है.