छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के खैरवाही गांव में 94 वर्षीय महिला के अंतिम संस्कार के बाद उनकी अस्थियां गायब मिलने का मामला सामने आया है. परिजनों ने गुरुर थाने में शिकायत देकर अस्थियां तलाश कर वापस दिलाने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान लेने के बाद मामले की जांच की जाएगी.

खैरवाही निवासी विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे निधन हुआ था. 13 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया. अगले दिन 14 नवंबर की शाम उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के सदस्यों के साथ मुक्तिधाम पहुंचे.

परिजनों के अनुसार, चिता वाली जगह पर नारियल और दिया रखा हुआ था. चिता की राख ठंडी होने के बाद जब उन्होंने अस्थियां तलाशीं, तो वे वहां नहीं मिलीं. परिवार ने ग्रामीणों से भी जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन अस्थियों का पता नहीं चला.

परिवार का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने वहां पूजा-पाठ करने के बाद अस्थियां उठा लीं. विद्यावती शर्मा के बेटे रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनकी मां धार्मिक स्वभाव की थीं और उनकी इच्छा थी कि अस्थियों को प्रयागराज ले जाकर गंगा में विसर्जित किया जाए. परिवार इसी इच्छा के अनुसार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करना चाहता था.

परिजनों की शिकायत पर गुरुर थाना पुलिस ने मामला संज्ञान में लिया है. थाना प्रभारी मुकेश सिंह के अनुसार, परिवार फिलहाल क्रियाकर्म में व्यस्त है. उनके बयान दर्ज होने के बाद जांच आगे बढ़ाई जाएगी और उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

ग्रामीणों का दावा है कि इसी मुक्तिधाम से अस्थियां गायब होने की यह तीसरी घटना है. ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि 2025 में उनके पिता के अंतिम संस्कार के बाद भी अस्थियां नहीं मिली थीं. इन पूर्व घटनाओं की विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.