छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के भैंसबोड़ गांव में खेत में लगी झटका तार मशीन निकालने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया. पुलिस के अनुसार, मामला पुरानी पारिवारिक रंजिश और जमीन के बंटवारे से भी जुड़ा है. विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें खेत में कुछ लोग आपस में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं.

महिला ने जेठ और ससुर पर लगाए आरोप

ग्राम कोहंगाटोला निवासी गंगा सोनकर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे वह भैंसबोड़ स्थित खेत के पास बने मकान में खाना खा रही थीं. आरोप है कि इसी दौरान उनके जेठ विश्राम सोनकर और ससुर कृष्णा राम सोनकर घर में पहुंचे और उन्हें कमरे से बाहर खींचकर हाथ-मुक्कों और डंडे से पीटा.

गंगा ने विश्राम पर पीठ में काटने का आरोप लगाया है. शिकायत के मुताबिक, पत्नी को बचाने पहुंचे भूपेंद्र सोनकर के साथ भी मारपीट की गई और उनके दाहिने हाथ के अंगूठे में चोट आई. गंगा का कहना है कि उन्होंने बचने के लिए पड़ोसी की बाड़ी में छिपकर जान बचाई.

दूसरे पक्ष ने हंसिया से हमला करने का आरोप लगाया

विश्राम सोनकर ने पुलिस को बताया कि उनके पिता कृष्णा राम सोनकर के नाम पर सात एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें तीनों भाइयों ने अपने-अपने हिस्से में धान लगाया है. फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए झटका तार की खराब मशीन निकालने वह सुबह करीब 10:30 बजे खेत पहुंचे थे.

विश्राम का आरोप है कि भूपेंद्र और गंगा ने इसका विरोध करते हुए गाली-गलौज की. उन्होंने भूपेंद्र पर हंसिया से सिर पर हमला करने और गंगा पर मारपीट से दोनों हाथों तथा बाईं आंख के पास चोट पहुंचाने का आरोप लगाया. उनके मुताबिक, कृष्णा राम ने बीच-बचाव किया.

बालोद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं. पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 118(1), 3(5), 332(c) और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है. दूसरे पक्ष पर भी मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज हुआ है. टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच जारी है.