छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बुधवार को यात्री बस की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई. हादसा पुरूर थाना क्षेत्र में सूर्यवंशी ढाबे के पास हुआ.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जगदलपुर की ओर जा रही मनीष कंपनी की स्लीपर बस ने चारामा की ओर जा रहे बाइक सवार को टक्कर मारी. टक्कर के बाद बाइक सवार बस में फंस गया और करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित टोल प्लाजा तक घिसटता चला गया.

हादसे में उसका एक पैर कट गया और शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. मृतक की पहचान चारामा निवासी युवक के रूप में बताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी उसकी पहचान और हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

सूचना मिलने पर पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची. शव को गुरुर स्थित मर्च्युरी में रखवाया गया है. पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लिया है और दुर्घटना के कारणों, बस की रफ्तार तथा चालक की भूमिका की जांच की जा रही है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.