छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पलारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई. इसके कुछ घंटे बाद प्रसूता वेदबाई साहू की भी मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल के ग्रामीण चिकित्सा सहायक और नर्स पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है. स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच कराने की बात कही है.
परिजनों के अनुसार, वेदबाई को 20 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे प्रसव पीड़ा हुई. पति तीरथ साहू और ससुर महेश साहू उसे करीब 6 बजे पलारी PHC लेकर पहुंचे, जहां नर्स कुमारी हेमलता ठाकुर मौजूद थीं. ससुर का आरोप है कि उन्होंने ग्रामीण चिकित्सा सहायक सुनील कुमार देवांगन को कई बार फोन किया, लेकिन वे महिला को देखने नहीं पहुंचे.
परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब 8:50 बजे प्रसव हुआ और नवजात मृत पैदा हुआ. परिवार ने प्रसूता और नवजात को धमतरी ले जाने की इच्छा जताई. उनका आरोप है कि नवजात की मौत के बाद पहुंचे स्वास्थ्यकर्मी ने महिला की हालत सामान्य बताकर तत्काल रेफर करने से मना किया. बाद में तबीयत बिगड़ने पर वेदबाई को धमतरी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
पति तीरथ साहू ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उनसे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए, लेकिन कागजों की जानकारी नहीं दी गई. महिला को धमतरी भेजे जाने के दौरान स्वास्थ्यकर्मी की मौजूदगी को लेकर भी आरएमए और मितानिन के बयान अलग-अलग हैं.
आरएमए सुनील कुमार देवांगन ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में अनुभवी डॉक्टरों की कमी है. निजी प्रैक्टिस को लेकर ग्रामीणों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
सीएमएचओ डॉ. जेएल उइके ने कहा कि जांच के बाद यदि डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. विधानसभा में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, 2019 से 2022 के बीच बालोद जिले में आठ गर्भवती महिलाओं और 365 नवजातों की मौत हुई थी.
