छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम तमोरा से वर्ष 2000 में लापता हुए पंचराम मंडावी का 26 साल बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है. मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट, बिलासपुर के निर्देश के बाद बालोद थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच फिर शुरू की है.

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पंचराम के भाई राम कुमार मंडावी ने बताया कि पंचराम वर्ष 2000 में बिना किसी को जानकारी दिए अचानक घर से चले गए थे. परिवार ने गांव, आसपास के वन क्षेत्रों और दूर-दराज रहने वाले रिश्तेदारों के यहां लंबे समय तक उनकी तलाश की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली.

परिवार के पास पंचराम की कोई पुरानी या हालिया तस्वीर भी उपलब्ध नहीं है. इससे उनकी पहचान और तलाश से जुड़े प्रयासों में कठिनाई बनी रही. उपलब्ध विवरण के मुताबिक पंचराम का रंग सांवला और कद करीब 5 फीट 3 इंच है.

पंचराम के लापता होने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जिला पुलिस कंट्रोल रूम, जिला अपराध शाखा और जिले के सभी थानों तथा सीमावर्ती पुलिस चौकियों को सूचना भेजी थी. इसके बावजूद वर्षों तक उनका पता नहीं चल सका.

मामला लंबे समय तक लंबित रहने के बाद परिजनों की कानूनी कार्रवाई के जरिए हाईकोर्ट के सामने पहुंचा. 25 मई को जारी निर्देशों के पालन में पुलिस ने अब अपहरण की धारा में अपराध दर्ज किया है. पुलिस इस आशंका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है कि पंचराम को किसी अज्ञात व्यक्ति ने गलत इरादे से अगवा कर कहीं छिपाकर रखा हो. यह फिलहाल जांच का एक पहलू है, जिसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.