छत्तीसगढ़ के बालोद थाना क्षेत्र की 25 वर्षीय युवती से पुलिस में आरक्षक जीडी पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.22 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है. चयन प्रक्रिया में सफल नहीं होने के बाद रकम वापस मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर फोन उठाना बंद कर दिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर कांकेर निवासी लेखराम सिन्हा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.

बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम बोरी की रहने वाली लोकेश्वरी पवार वर्ष 2023-24 के दौरान रायपुर में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थीं और वहीं काम भी करती थीं. इसी दौरान उनकी सहकर्मी रीना साहू ने उन्हें लेखराम सिन्हा का मोबाइल नंबर दिया. रीना ने आरोपी को पुलिस विभाग में कार्यरत और पुलिस मुख्यालय में पहचान रखने वाला बताया था.

मार्च 2024 में लोकेश्वरी अपनी मां और मामा के साथ रायपुर में आरोपी से मिलीं. आरोप है कि लेखराम ने आरक्षक पद पर नौकरी लगवाने के बदले 3.50 लाख रुपये मांगे. इसके बाद उनके मामा ठाकुर राम ने 30 मार्च को आरोपी के बैंक खाते में 1.50 लाख रुपये भेजे. 22 अप्रैल को 36 हजार रुपये और करीब एक सप्ताह बाद 36 हजार रुपये आरोपी के फोन-पे नंबर पर भेजे गए.

शारीरिक परीक्षा में ऊंचाई कम होने के कारण युवती चयन प्रक्रिया से बाहर हो गईं. इसके बाद उन्होंने नौकरी या जमा रकम लौटाने की मांग की, लेकिन न नौकरी मिली और न पैसे वापस हुए. पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है.