छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तीजा त्योहार के लिए गांव लौट रहे भाई-बहन की सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा पुरूर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी.

मृतकों की पहचान दामेश्वर सिन्हा और नीता सिंह के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दामेश्वर अपनी बहन नीता को तीजा के अवसर पर लाने के लिए शनिवार को मोखा गांव गए थे. दोनों बाइक से बड़े गौरी गांव लौट रहे थे. पुरूर के पास उनकी बाइक को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है. पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए.

पिकअप छोड़कर चालक फरार

टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने में रख लिया है और चालक की तलाश की जा रही है. हादसे के कारणों की जांच जारी है.