बालोद जिले में शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत कक्षा पहली में प्रवेश की तीन चरणों वाली प्रक्रिया पूरी होने के बाद 70 सीटें खाली रह गईं. शिक्षा विभाग ने पोर्टल लॉक होने की पुष्टि की है. सत्र 2026-27 के लिए पंजीकृत निजी स्कूलों में 448 सीटें उपलब्ध थीं, जिनमें 378 बच्चों ने दाखिला लिया.

तीसरे चरण में 54 बच्चों का चयन हुआ था, लेकिन इनमें से 8 बच्चे प्रवेश लेने नहीं पहुंचे. जिला शिक्षा विभाग के अनुसार वर्ष 2009 से अब तक 17 वर्षों में यह दूसरी बार है, जब दाखिला लेने वाले बच्चों की संख्या 378 रही. इससे पहले सत्र 2024-25 में सबसे अधिक 561 बच्चों ने प्रवेश लिया था. जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे ने कहा कि हर वर्ष अलग-अलग कारणों से कुछ सीटें खाली रह जाती हैं.

ब्लॉकवार प्रवेश और खाली सीटें

बालोद ब्लॉक में सबसे ज्यादा 98 बच्चों ने दाखिला लिया. यहां 114 सीटों में से 16 खाली रह गईं. दूसरे चरण में चयनित एक विद्यार्थी ने प्रवेश नहीं लिया. डौंडी ब्लॉक में 48 में से 46 सीटें भरीं और दो सीटें खाली रहीं. तीसरे चरण में चयनित तीन बच्चे यहां प्रवेश लेने नहीं पहुंचे.

गुंडरदेही ब्लॉक में 88 में से 67 बच्चों ने प्रवेश लिया, जिससे 21 सीटें खाली रहीं. गुरूर ब्लॉक में 74 बच्चों का दाखिला हुआ और 20 सीटें रिक्त रह गईं. डौंडीलोहारा ब्लॉक में 104 सीटों में से 93 भरीं और 11 सीटें खाली रहीं.

डौंडी के 24 पंजीकृत निजी स्कूलों में पहले चरण में 44 और दूसरे चरण में चार बच्चों ने प्रवेश लिया. गुंडरदेही में पहले चरण में 62 और तीसरे चरण में पांच, जबकि डौंडीलोहारा में पहले, दूसरे और तीसरे चरण में क्रमशः 72, एक और 20 बच्चों ने दाखिला लिया.