बालोद जिले के बीज उत्पादक किसानों ने धान बीज उत्पादन पर मिलने वाले अनुदान को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई है. किसानों ने बीज उपार्जन के बाद अग्रिम और अंतिम भुगतान के लिए समयसीमा तय करने पर भी जोर दिया.
बीज उत्पादक किसान संगठन की बैठक झलमला स्थित मां कर्मा भवन में हुई. संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चंद्राकर के अनुसार, बैठक में बीज उत्पादक किसानों की समस्याओं और शासन के समक्ष रखी जाने वाली मांगों पर चर्चा हुई.
भुगतान और उपार्जन संबंधी मांगें
संगठन ने अनुमानित कच्चे बीज की मात्रा 70 से 75 क्विंटल प्रति हेक्टेयर निर्धारित करने की मांग रखी. किसानों ने कहा कि बीज उपार्जन के एक महीने के भीतर अग्रिम भुगतान और बीज पास होने के एक महीने के अंदर अंतिम भुगतान किया जाना चाहिए.
उपार्जन के लिए नया बारदाना समय पर उपलब्ध कराने की मांग भी बैठक में उठी. संजय चंद्राकर ने कहा कि संगठन की लगातार मांग के बाद शासन ने बीज पास होने पर भुगतान करने का निर्णय लिया है.
बीज उत्पादन का रकबा घटने पर चिंता
बीज प्रक्रिया केंद्र की प्रबंधक माधुरी बाला ने जिले में बीज उत्पादन का रकबा घटने पर चिंता जताई. उनके मुताबिक, पिछले वर्ष जिले में 917 हेक्टेयर में बीज उत्पादन हुआ था, जो इस वर्ष घटकर 423 हेक्टेयर रह गया है.
बैठक में संगठन के जिला अध्यक्ष तीजूराम देवांगन, प्रगतिशील कृषक विनय मोहन चंद्राकर तथा संगठन के पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे.
