छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है. घटना के बाद छात्रा को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने इस मामले में कोंडागांव से दो संदिग्धों को पकड़े जाने की जानकारी दी है. इनमें करण कुंजाम और एक महिला शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार, छात्रा आमापारा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी. इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी में आत्मानंद स्कूल के सामने एक युवक ने उस पर कथित तौर पर एसिड फेंका और वहां से भाग गया. तेज जलन होने पर छात्रा चिल्लाने लगी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर भेजा गया.

जानकारी के मुताबिक, छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलसा है. चेहरे और आंख के आसपास भी जलने की चोटें बताई गई हैं. घटना के बाद संदिग्ध युवक के पैदल तांदुला बांध के जंगलों की ओर भागने की बात सामने आई. पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से तलाश शुरू की और दूसरे जिलों के थानों को भी सूचना दी.

कोंडागांव पुलिस के इंस्पेक्टर सौरभ उपाध्याय के अनुसार, बालोद पुलिस की सूचना पर दो संदिग्धों को महिंद्रा बस से पकड़ा गया और इसकी जानकारी बालोद पुलिस को दे दी गई है. हमले की वजह और इस्तेमाल किए गए रसायन की पुष्टि पुलिस की आगे की जांच के बाद होगी. बालोद पुलिस ने मामले में विस्तृत खुलासा बाद में करने की बात कही है.