छत्तीसगढ़ के बालोद में बुधवार को तांदुला केनाल में बाइक समेत गिरने से 68 वर्षीय चौकीदार देवसिंग यादव की मौत हो गई. वह खेत से अपने घर सिवनी लौट रहे थे.

हादसा सिवनी पंप हाउस के सामने हुआ. जानकारी के अनुसार, बाइक अनियंत्रित होने पर देवसिंग करीब 20 फीट नीचे नहर में जा गिरे. सिर के बल गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी और वह करीब पांच फीट गहरे पानी में डूब गए.

तांदुला बांध घूमने पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें बाइक समेत नहर में गिरते देखा और पुलिस को सूचना दी. बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई.

पुलिस ने सिंचाई विभाग से संपर्क कर तांदुला बांध का मुख्य गेट बंद कराया. इसके बाद शव को नहर से बाहर निकाला गया.

छह महीने में तीन मौतों का दावा

रिपोर्ट के अनुसार, तांदुला केनाल में पिछले छह महीने में तीन लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है. इससे पहले 28 अप्रैल को ग्राम पीपरछेड़ी और ढाबाडीह के बीच नहाते समय ग्राम धोबनपुरी निवासी टायमन गंजीर और उनकी 12 वर्षीय बेटी पालंकी गंजीर की मौत हुई थी.

उन दोनों के शव गोताखोरों ने घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर नहर से बाहर निकाले थे. उस समय नहर में करीब 2,000 क्यूसेक पानी बह रहा था.