बालोद के पेंशनर भवन में शिक्षा प्रकोष्ठ भाजपा जिला बालोद के तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 50 से अधिक शिक्षकों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया.

समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख रहे, जबकि अध्यक्षता शिक्षा प्रकोष्ठ भाजपा के प्रदेश संयोजक कांतिलाल जैन ने की. रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ के चेयरमैन तोमन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, प्रदेश सहसंयोजक जगदीश देशमुख, जिला संयोजक बंशीलाल साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी विनय आनंद और टीकम पिपरिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे.

सम्मानित शिक्षकों में सेवानिवृत्त व्याख्याता अर्जुन सिंह तारम, शिशु मंदिर बालोद के प्राचार्य दीनदयाल साहू, बालचंद देशलहरे, तुलसी डोंगरे, पूजा जैन, बीआर बेलसर, आरके वर्मा, पुरुषोत्तम देशमुख और सीआर साहू सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे.

शिक्षक की भूमिका पर देशमुख का जोर

चेमन देशमुख ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि श्रेष्ठ मनुष्यता का निर्माण करता है. उनके अनुसार, शिक्षक विद्यार्थियों के अशांत मन को शांत करने और उनके भ्रम दूर करने में भी भूमिका निभाता है.

देशमुख ने अपने प्राथमिक विद्यालय के गुरु मोहम्मद मिर्जाबेग को याद करते हुए बताया कि वे रामचरितमानस के प्रसंगों के जरिए विद्यार्थियों को संस्कार और जीवन मूल्यों की शिक्षा देते थे. उन्होंने कहा कि गुरु से जुड़ी ये स्मृतियां आज भी उनके मन में जीवंत हैं.