छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत खड़बत्तर के ठाकुरपारा में करीब 40 परिवार पिछले 15 वर्षों से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं. ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें पानी लेने के लिए गांव से दूर निजी जमीन पर बने हैंडपंप तक जाना पड़ता है.
हैंडपंप तक पहुंचने के लिए चार खेतों की मेड़ और संकरी पगडंडियां पार करनी पड़ती हैं. बरसात के दौरान रास्ते में कीचड़ और फिसलन बढ़ जाती है. ऐसे में महिलाओं को पानी से भरी गुंडी या बाल्टी सिर पर रखकर वापस लौटना पड़ता है. ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते में गिरने से कई बार चोट लगने की स्थिति बनती है. खेतों से गुजरते समय सांप और अन्य कीड़ों का खतरा भी बना रहता है.
पाइपलाइन बिछी, लेकिन पानी नहीं पहुंचा
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब दो वर्ष पहले मोहल्ले में पानी की टंकी बनाई गई थी. घरों तक पाइपलाइन बिछाकर नल भी लगाए गए, जिससे लोगों को नियमित जलापूर्ति की उम्मीद जगी थी. हालांकि, अब तक टंकी से घरों तक पानी नहीं पहुंचा है. दूर स्थित हैंडपंप खराब होने पर पूरे मोहल्ले में पेयजल की समस्या और गंभीर हो जाती है.
सरपंच बिरन बाई नेताम ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए नया बोर कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन उपयुक्त स्थान निजी जमीन पर होने के कारण अनुमति नहीं मिल सकी. उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद किसी वैकल्पिक स्थान पर बोर कराया जाएगा.
फिलहाल ठाकुरपारा के परिवारों को आश्वासन के बावजूद दूर के हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ रहा है.
