छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक स्थित कोरगुड़ा गांव में बिना प्रशासनिक अनुमति लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविर पर पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने मौके से दवाइयां, फूड सप्लीमेंट्स, स्वास्थ्य उपकरण और एक वाहन जब्त किया है. जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 7 लाख 18 हजार 597 रुपये बताया गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘रेट्रो ह्यूमेनकेयर’ नामक संस्था की ओर से पंचायत भवन में शिविर लगाए जाने की सूचना मिलने पर बालोद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. वहां मौजूद चार लोगों से आयोजन की अनुमति और वैधानिक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए सामग्री जब्त की गई.

पुलिस ने हरंडडा निवासी राजेश कुमार कोठारी, भिलाई के हुडको निवासी टी. वेंकटेश राव, कबीरधाम निवासी सुरेंद्र पटेल और उतई, दुर्ग निवासी मोहित कुमार रक्सेल के खिलाफ कार्रवाई की है. संस्था के प्रमुख के. रत्नम को आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का नोटिस जारी किया गया है.

जब्त सामान में मारुति ईको वाहन, क्वांटम रेजोनेंस मैग्नेटिक एनालाइजर, सैमसंग लैपटॉप, कैनन प्रिंटर, वजन मापने की मशीन और केबल बोर्ड शामिल हैं. इसके अलावा मधुमेह, रक्तचाप, गुर्दा, लिवर, थायराइड और हृदय स्वास्थ्य से जुड़े उत्पाद, ओमेगा कैप्सूल, दर्द निवारक तेल, हर्बल चाय और अन्य सामग्री भी मिली है.

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएल उइके ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे किसी शिविर को अनुमति नहीं दी थी. उपसरपंच विजय कुमार यादव के मुताबिक पंचायत को भी इसकी पूर्व सूचना नहीं दी गई थी.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 10 हजार रुपये की जांच 100 रुपये में करने का प्रचार किया गया और पंजीयन के बाद उत्पादों के लिए 300 से 2,400 रुपये तक लिए गए. पुलिस मामले के कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है; आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी.