छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तीजा त्योहार मनाने मायके आई 32 वर्षीय महिला की करैत सांप के डसने से मौत हो गई. घटना गुरुर ब्लॉक के ग्राम मोहारा (अरमरीकला) की बताई गई है. मृतका की पहचान धमतरी जिले के अरौद (अर्जुनी) निवासी केकती बाई सिन्हा के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक, केकती बाई अपनी तीन बहनों के साथ मायके आई थीं. रात करीब 12 बजे चारों बहनें जमीन पर सो रही थीं. इसी दौरान केकती को दाहिने पैर के अंगूठे के पास सांप के डसने का अहसास हुआ और उन्होंने आवाज लगाई. परिवार के लोग जागे और कमरे में रोशनी की तो बिस्तर के पास काले रंग का करैत सांप दिखाई दिया.
परिजनों ने सांप को मारने के बाद केकती को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन की तलाश शुरू की. वाहन मिलने में देरी हुई, जिसके कारण उन्हें इलाज के लिए देर से ले जाया जा सका. परिजन उन्हें जिला अस्पताल बालोद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
केकती के पति गंगा प्रसाद सिन्हा ने बताया कि उनके दो बच्चे हैं. बेटी डोमेश्वरी 9 वर्ष की है और कक्षा 6 में पढ़ती है, जबकि बेटा जिज्ञासु 10 वर्ष का है और कक्षा 4 में पढ़ता है. दोनों बच्चे मां के साथ मायके आना चाहते थे, लेकिन अरौद में ही रुक गए थे. पति को घटना की जानकारी सुबह करीब 4 बजे मिली.
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के अनुसार, पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार धमतरी जिले के अरौद गांव में किया गया.
