छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में महिला की हत्या के मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय ने आरोपी नेमीचंद साहू को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. अदालत का यह फैसला बुधवार को आया. मामला डौंडी लोहारा थाने में दर्ज किया गया था.

अभियोजन के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को ग्राम गुरमी स्थित नाला भेंजरा पठार के पास कमला बाई राजपूत की पत्थर से वार कर हत्या की गई थी. आरोप है कि नेमीचंद साहू उर्फ नेमू ने महिला के सिर और चेहरे पर हमला किया. हत्या के बाद शव को पत्थरों से ढकने, खून से सने कपड़े साफ करने और मृतका का मोबाइल तोड़ने की कोशिश किए जाने की बात भी जांच में सामने आई.

टैटू से हुई मृतका की पहचान

मामले की शुरुआती जांच में मृतका की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी. उसके हाथ पर अंग्रेजी अक्षरों में ‘K.K.’ का टैटू बना था. पुलिस ने इसे सुराग मानकर तकनीकी और मैदानी जांच की, जिसके बाद मृतका की पहचान बालोद के ग्राम पाररास निवासी कमला राजपूत के रूप में हुई.

पहचान के बाद पुलिस ने मृतका के संपर्कों और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच की. पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से भौतिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए गए. जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल पत्थर, आरोपी के खून से सने कपड़े, Hero Deluxe बाइक, मृतका का टूटा मोबाइल और चूड़ियां बरामद की गईं.

पुलिस ने आरोपी नेमीचंद साहू को 26 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया था. विवेचना पूरी होने के बाद मामला अदालत में पेश किया गया. अभियोजन की दलीलों और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई.