बलौदा बाजार जिले के गिरौधपुरी पुलिस चौकी क्षेत्र में जोंक नदी के एनीकेट में नहाने के दौरान एक युवक तेज बहाव में बह गया. 32 घंटे बाद भी उसका शव नहीं मिल सका है. पुलिस और नगर सेना का बचाव दल लगातार तलाश अभियान चला रहा है.
घटना गुरुवार 24 तारीख की सुबह करीब 11 बजे की बताई गई है. ग्राम बेलटुकरी, बिलाईगढ़ निवासी सूरज चौहान अपने साथियों के साथ देवगांव, ओडिशा जा रहा था. रास्ते में वह एनीकेट में नहाने उतरा. इसी दौरान नदी के तेज बहाव में बह गया. साथियों ने तुरंत गिरौधपुरी पुलिस चौकी को सूचना दी.
चौकी प्रभारी जगदीश सोनवानी के निर्देश पर नगर सेना का बचाव दल दोपहर करीब 2 बजे मौके पर पहुंचा. टीम ने लगभग चार घंटे तक तलाशी ली, लेकिन रात होने के कारण अभियान रोकना पड़ा. शुक्रवार सुबह फिर से रेस्क्यू शुरू किया गया और करीब 12 घंटे तक तलाश चलती रही.
चौकी प्रभारी के अनुसार, बारिश के कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. तेज बहाव की वजह से बचाव कार्य में परेशानी आ रही है और आशंका है कि युवक बहकर आगे निकल गया हो. शनिवार सुबह फिर तलाशी अभियान चलाने की तैयारी है.
सूरज चौहान छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेता था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
