बलौदाबाजार जिले में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों की शिक्षा को सुगम बनाने के लिए 81 आश्रम और छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं. इन संस्थानों में मिडिल स्कूल से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन स्तर तक के 3,736 छात्र-छात्राएं रहकर पढ़ाई कर रहे हैं.

आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त सूरज दास मानिकपुरी के अनुसार, छात्रावासों में विद्यार्थियों को भोजन, स्वास्थ्य जांच, लाइब्रेरी, गार्डन और ओपन जिम जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं. विभाग का कहना है कि विद्यार्थियों को शांतिपूर्ण और घर जैसा वातावरण देने का प्रयास किया जाता है, ताकि वे पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें. समय-समय पर अधिकारियों के माध्यम से मोटिवेशनल कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. इन कार्यक्रमों में शिक्षा, करियर और भविष्य से जुड़े मार्गदर्शन पर चर्चा की जाती है.

दूरदराज के विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा

पिछड़ा वर्ग छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहीं विधि जायसवाल ने बताया कि उनका गांव जारा छात्रावास से करीब 45 किलोमीटर दूर है. उनके अनुसार, पहले रोजाना कॉलेज आने-जाने में परेशानी होती थी, लेकिन छात्रावास में रहने से उच्च शिक्षा हासिल करना आसान हुआ है. उन्होंने खेलकूद सामग्री, ओपन जिम, पौष्टिक भोजन और नियमित स्वास्थ्य जांच को पढ़ाई में सहायक बताया.

आदिवासी छात्रावास के छात्र अनुज कुमार कंवर ने कहा कि घर से दूर होने के बावजूद छात्रावास में उन्हें घर जैसा माहौल मिलता है. उनके अनुसार, साथी विद्यार्थियों के साथ शांत वातावरण में रहकर उच्च शिक्षा जारी रखने में मदद मिल रही है.

पिछड़ा वर्ग छात्रावास की अधीक्षिका स्वीटी बाजपेई ने बताया कि संस्थान वर्ष 2014 से संचालित है और वर्तमान में 50 छात्राएं यहां रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं. आदिवासी छात्रावास की अधीक्षिका मंजुलता उईके के अनुसार, उनका छात्रावास वर्ष 2013 से संचालित है और विद्यार्थियों को शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सुविधाएं दी जा रही हैं.