छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शुक्रवार सुबह बालकनी की लोहे की ग्रिल में करंट फैलने से पिता और बेटे की मौत हो गई. हादसे में उन्हें बचाने पहुंची महिला भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है.
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नेहरू चौक की बताई गई है. जानकारी के मुताबिक, कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता (45) सुबह बालकनी में गए और उन्होंने लोहे की ग्रिल को छू लिया. ग्रिल में करंट होने के कारण वे उससे चिपक गए. पिता को बचाने पहुंचे उनके 24 वर्षीय बेटे ओम गुप्ता भी बिजली की चपेट में आ गए.
पति और बेटे को करंट लगा देखकर राकेश की पत्नी वर्षा गुप्ता (45) उन्हें बचाने पहुंचीं. उन्हें भी तेज बिजली का झटका लगा और वे दूर जा गिरीं. आसपास के लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने राकेश और ओम को मृत घोषित कर दिया. वर्षा की हालत गंभीर बताई गई है और उनका रायपुर में इलाज जारी है.
पुलिस ने शुरू की जांच
सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. थाना कोतवाली बलौदाबाजार के पीएसआई खिलेंद्र कुमार के अनुसार, करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हुई और घायल महिला को रायपुर रेफर किया गया.
पुलिस की शुरुआती जांच में घर के पास से 11 हजार केवी का हाईटेंशन तार गुजरने की जानकारी सामने आई है. आशंका है कि तार से निकली चिंगारी या बालकनी में रखे सफाई के सामान का तार बिजली के संपर्क में आने से ग्रिल में करंट फैला. शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जताई गई है. हादसे का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा.
